Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर के गैस वितरक एकजुट, इंडेन, भारत गैस व एचपी वितरकों ने संयुक्त बयान जारी किया

मुजफ्फरनगर। समस्त एलपीजी वितरकों (इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं एचपी गैस) द्वारा वर्तमान परिस्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई है। विगत दिवस एक स्थानीय शिकायत के आधार पर हुई कार्यवाही के बाद जिले के सभी वितरकों में असंतोष एवं भय का वातावरण उत्पन्न हुआ है।

 

वर्तमान समय में एलपीजी आपूर्ति पूर्णतः कंपनियों द्वारा निर्धारित आवंटन एवं सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही है। गैस की उपलब्धता ऊपर से सीमित मात्रा में प्राप्त हो रही है तथा सभी वितरक “100% डॉक/सिस्टम आधारित सप्लाई” के माध्यम से उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी वितरक द्वारा मनमानी अथवा व्यक्तिगत स्तर पर अतिरिक्त अथवा अलग आपूर्ति करना संभव नहीं है।

 

हम सभी वितरक भारत सरकार, जिला प्रशासन तथा तेल कंपनियों — Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum एवं Hindustan Petroleum — के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए निरंतर उपभोक्ताओं की सेवा में कार्यरत हैं। जिला प्रशासन एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग भी हमें निरंतर प्राप्त हो रहा है, जिसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं।

दुर्भाग्यवश कुछ स्थानीय तथाकथित नेता एवं असामाजिक तत्व, जिनका न तो गैस वितरण व्यवस्था से कोई प्रत्यक्ष संबंध है और न ही जनहित से कोई सरोकार, छोटी-छोटी एवं अपुष्ट शिकायतों के माध्यम से वितरकों को अनावश्यक रूप से परेशान करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे न केवल ईमानदारी से कार्य कर रहे वितरकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है, बल्कि सरकार, प्रशासन एवं तेल कंपनियों की सकारात्मक छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास हो रहा है।

मुजफ्फरनगर के समस्त वितरकों ने एकजुट होकर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए मांग की है कि झूठी एवं भ्रामक शिकायतों के आधार पर बिना तथ्यों की जांच किए किसी भी प्रकार की कठोर कार्यवाही न की जाए। यदि कोई वास्तविक समस्या हो तो उसका समाधान नियमानुसार एवं निष्पक्ष जांच के आधार पर किया जाए।

हम सभी वितरक पुनः यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि उपभोक्ताओं को जो भी एलपीजी उत्पाद उपलब्ध कराया जा रहा है, वह पूर्णतः कंपनी एवं सरकारी व्यवस्था के अंतर्गत उपलब्ध स्टॉक के अनुसार ही वितरित किया जाता है। आमजन से भी अपील है कि अफवाहों एवं भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे अपने अधिकृत वितरक अथवा संबंधित कंपनी कार्यालय से संपर्क करें।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *