देहरादून। मुजफ्फरनगर और शामली समेत वेस्ट यूपी के शातिर आनलाइन सट्टा बाजार चलाते पकड़े गए हैं।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि चंद्रबनी क्षेत्र में एक मकान में ऑनलाइन सट्टा लगवाया जा रहा है। वहां पर लाखों रुपये का लेनदेन भी होता है। इस सूचना पर पुलिस ने एक मकान में छापा मारा। यहां से कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी विन आई-20 मोबाइल एप के जरिए सट्टा लगवा रहे थे। इसमें पॉप अप के माध्यम से लोगों का व्हाट्सएप डाटाबेस तैयार किया जाता है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सलमान निवासी मोहल्ला चौक, कैराना बाजार, शामली, गुलजार निवासी ओखला जामिया नगर, दिल्ली, शाहरुख निवासी निरमानी, शाहपुर, मुजफ्फरनगर, वसीम व समीर निवासी तावली, शाहपुर, मुजफ्फरनगर, मोइन, पुरबालियान, मंसूरपुर, जुबैर निवासी मिलाना, दौघट, बागपत और अकरम निवासी तावली, शाहपुर, मुजफ्फरनगर शामिल हैं। पुलिस ने मौके से छह लैपटॉप, आठ मोबाइल, एक्सटेंशन बोर्ड, 17 चेकबुक, 20 डेबिट और एक लाख एक हजार रुपये बरामद किए हैं।