Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मीनाक्षी स्वरूप का टाउनहाल में छापा, किया कार्यालयों का निरीक्षण 

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् में कार्य व्यवहार को लेकर जीरो टोलरेंस नीति अपनाकर काम कर रही चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप द्वारा पिछले कई दिनों ने आम जनमानस के द्वारा दी जा रही शिकायतों का संज्ञान लेकर गुरूवार को दोपहर बाद पालिका मुख्यालय टाउनहाल पर छापा मारा। इस दौरान उन्होंने पालिका के सभी कार्यालयों में पहुंचकर अफसरों और कर्मचारियों की उपस्थिति को परखा तो वहीं उनके द्वारा जन्म और मृत्य पटल पर शपथ पत्र आधारित प्रमाण पत्रों के जारी होने को लेकर मिली शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बंधित कर्मचारियों को कार्य के प्रति जिम्मेदार रहने की हिदायत दी। उन्होंने अपने पटलों से नदारद मिले कुछ कर्मचारियों को भी चेतावनी दी। 

नगरपालिका परिषद् में कई दिनों से कुछ अफसरों और कर्मचारियों के अपने कार्यालयों से नदारद रहने की शिकायत पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को मिल रही थी। इसके साथ ही उनको जन्म और मृत्यु पटल पर शपथ पत्र वाले प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही और लोगों को परेशान किये जाने की भी शिकायत मिली। कुछ कर्मचारियों पर पैसे लेकर प्रमाण पत्र जारी करने की भी बात उन तक पहुंची और दोपहर बाद ज्यादातर कार्यालयों से कर्मचारियों के गायब हो जाने का भी प्रकरण उनके सामने आया था। इन सभी शिकायतों का संज्ञान लेकर गुरूवार को दोपहर बाद अचानक ही चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप कुछ सभासदों के साथ पालिका मुख्यालय टाउनहाल पहुंची तो कर्मचारियों में हड़कम्च मया। इस छापे के दौरान चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों की उपस्थिति को परखा और नदारद मिले कर्मचारियों के सम्बंध में विभागध्यक्षों से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ड्यूटी के प्रति किसी भी कर्मचारी की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पब्लिक डीलिंग वाले पटलों पर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गयी है, ताकि जनता के लोगों को अपने कार्य के लिए भटकना न पड़े। आदेशों की अवहेलना करने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्यवाही करने के लिए भी उन्होंने कहा है। इस दौरान वो जन्म मृत्यु पटल पर भी पहुंची और शपथ पत्र वाले प्रकरणों के निस्तारण के सम्बंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि अनावश्यक रूप से किसी भी आवेदक को परेशान न किया जाये। यदि भ्रष्टाचार की बात सामने आई तो सम्बंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही से गुरेज नहीं किया जायेगा। उन्होंने शपथ पत्र जन्म व मृत्यु पटल लिपिक को निर्देश देते हुए कहा कि जो भी लम्बित प्रकरण हैं, उनको समयावधि में निस्तारित कराकर प्रमाण पत्र अविलम्ब जारी कराने का काम करें। उनके साथ सभासदपति युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, भाजपा सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, सभासद शौकत अंसारी, अन्नू कुरैशी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *