लखनऊ । महिला सिपाही के साथ होटल में पकड़े गए सीओ कृपा शंकर कनौजिया को दोबारा सिपाही पद पर रिवर्ट कर दिया गया है।
तत्कालीन उन्नाव के सीओ कृपा शंकर कनौजिया ने 6 जुलाई 2021 को एसपी उन्नाव से पारिवारिक वजहों से छुट्टी मांगी थी। लेकिन छुट्टी मंजूर होने के बाद वो घर जाने की बजाय कहीं और चले गए थे। बताया गया कि उन्होंने करीब कानपुर एक होटल में चेकइन किया था। उनके साथ एक महिला सिपाही भी थी। इस दौरान सीओ ने अपने प्राइवेट और सरकारी, दोनों मोबाइल नंबर बंद कर दिए थे। इधर सीओ का नंबर बंद जाने पर परेशान पत्नी ने जब पूछताछ की तो पता चला कि वह छुट्टी लेकर घर के लिए निकले थे। इस पर पत्नी ने एसपी उन्नाव को फोन करके मदद मांगी थी।
किसी अनहोनी की आशंका में एसपी उन्नाव ने सर्विलांस टीम को लगाया तो पता चला कि सीओ कृपा शंकर कनौजिया का मोबाइल नेटवर्क कानपुर में एक होटल में आकर बंद हो गया था। उन्नाव पुलिस कानपुर के उस होटल पहुंची, जहां सीओ की लोकेशन पता चली थी। पुलिसकर्मियों को कानपुर के होटल में सीओ और महिला सिपाही साथ मिले। बताया जा रहा है कि सबूत के तौर पर उन्नाव पुलिस सीओ से जुड़े वीडियो अपने साथ ले गई थी। होटल में एंट्री करते समय सीओ और उनकी महिला मित्र सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे।

