मुजफ्फरनगर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए जरूरी संविधान संशोधन बिल लोकसभा में पारित न होने और इसको लेकर कांग्रेस, सपा तथा इंडी गठबंधन के विपक्षी दलों की महिला विरोधी नीति स्पष्ट होने पर बुधवार को मुजफ्फरनगर के टाउन हॉल से शिव चौक तक कांग्रेस, सपा एवं इंडी गठबंधन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा जन आक्रोश महिला पदयात्रा कार्यक्रम हुआ। यह पदयात्रा बुधवार को सुबह 10.30 बजे टाउनहाल मैदान से प्रारम्भ होकर शिव चौक पर संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर महिला सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी पवन अरोडा ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन नारी सम्मान के समर्थन में जनआक्रोश पदयात्रा अभियान के तहत किया गया, जिसमें महिला हितों पर कथित प्रहार और महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध के खिलाफ व्यापक आक्रोश व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम, महिला हितों पर प्रहार, महिलाओं के अधिकारों पर वार जैसे नारों के साथ जनसमर्थन उमड़ा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित न हो पाने के लिए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल जिम्मेदार हैं। आरोप लगाया गया कि इन दलों ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय देते हुए महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने का विरोध किया है।
जिलाध्यक्ष भाजपा डॉ. सुधीर सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया। लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध कर यह स्पष्ट कर दिया कि वे महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में देखना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में ऐसे अभियानों के माध्यम से कांग्रेस और इंडी गठबंधन के साथ ही महिला विरोध मानसिकता वाले विपक्ष की नीतियों को उजागर कर रही है।
एमएलसी वंदना वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महिला आरक्षण केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की महिलाओं को समान भागीदारी देने का ऐतिहासिक प्रयास है, जिसका विरोध करना महिलाओं के अधिकारों का विरोध है। नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि जनआक्रोश महिला पदयात्रा में सहभागिता कर महिलाओं की आवाज को मजबूती देने का संकल्प लिया गया है। पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर हो रही राजनीति के खिलाफ यह पदयात्रा महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है। जिला मंत्री ममता अग्रवाल ने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ावा देना ही सशक्त और समृद्ध राष्ट्र निर्माण का आधार है।
पदयात्रा में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, एमएलसी वन्दना वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी, पूर्व विधायक उमेश मलिक, अशोक कंसल, सुशीला अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर, पूर्व चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद शर्मा, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन ठा. रामनाथ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेन्द्र सैनी, विजय शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर, जिला महामंत्री शरद शर्मा, संजय गर्ग, सुनील दर्शन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता सैनी, जिला मंत्री ममता अग्रवाल, रोहतास पाल, विशाल गर्ग, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कार्तिक काकरान, अंजली चौधरी, श्वेता कौशिक, सरिता गौड, रजत त्यागी, विजय प्रजापति, सुधीर खटीक, सभासद मनोज वर्मा, राजीव शर्मा, अमित पटपटिया, बॉबी सिंह, शोभित गुप्ता, श्रीमोहन तायल, अभिषेक चौधरी, विजय वर्मा, अतुल सैनी, दिनेश बंसल, अचिंत मित्तल, सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला शक्ति की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।