मेरठ। मवाना में कक्षा चार की अनुसूचित जाति की छात्रा को नाखून काटने के बहाने अपने कक्ष में बुलाकर छेड़खानी करने वाले प्रधानाध्यापक की जमकर पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने स्कूल पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा की मां की तहरीर पर शिक्षक के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बेसिक शिक्षा अधिकारी न प्रधानाध्यापक को निलंबित कर जांच बैठा दी है।
पुलिस ने बताया कि मवाना निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बेटी एक सरकारी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ती है। स्कूल के प्रधानाध्यापक जमाल कामिल ने नाखून काटने के बहाने उनकी बेटी को कक्ष में बुलाकर उसके वस्त्रों को हटाकर पैरों पर हाथ लगाकर गलत हरकत की। आरोपी दरवाजा बंद करने गया तो बच्ची डरकर वहां से भाग निकली। रोते हुए परिजनों को इसकी जानकारी दी तो गुस्साए परिजन और महिलाएं स्कूल पहुंच गए और जमाल कामिल को पकड़कर जमकर पिटाई की।

