मुजफ्फरनगर। एक छोटा सा विवाद पूरे परिवार का काल बन गया। सरवट के मदीना कालोनी में चार लाशें देखकर हर कोई हिल गया।
मदीना कालोनी में घर के अंदर बंद कमरे में 32 वर्षीय इरशाद, उसकी 30 वर्षीय पत्नी नूरीन, 2 साल का बेटा आहिल और महज एक महीने की मासूम बच्ची अक्शा मृत अवस्था में मिले। सूत्रों के अनुसार, पेशे से पेंट का काम करने वाले पेंटर इरशाद का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। दरवाजा अंदर से बंद होने के चलते मामला और भी गंभीर और संदिग्ध माना जा रहा है। पड़ोसियों का कहना है कि देर रात करीब 4 बजे तक पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता रहा, लेकिन उसके बाद अचानक घर में सन्नाटा छा गया।
मंगलवार सुबह जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। परिजनों ने करीब 11 बजे दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। परिवार के मोहम्मद इनाम एवं अन्य सदस्यों के मुताबिक, हाल ही में इरशाद की बहन घर आई थी, जिसे उसने ईदी के तौर पर 1700 रुपये दिए थे। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी नूरीन नाराज हो गई थी और दोनों के बीच विवाद हुआ था। यह विवाद ही इस हादसे की वजह माना जा रहा है। परिवार में कोहराम मचा है।


