रांची। ईडी ने झारखंड की राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध नोटों का खजाना पकड़ा है। झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल के घरेलू नौकर के घर से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। नोट गिनने की मशीन ने संजीव लाल के घर पर गिनती शुरू की है। अबतक 20 करोड़ से ज्याद रुपये की गिनती हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि पांच सौ के नोटों की गड्डियों की गिनती अभी भी जारी है। सूत्रों के अनुसार ईडी ने पिछले साल फरवरी में झारखंड ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र के. राम को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। लंबे समय तक पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया था। पूछताछ में वीरेंद्र राम ने कई बड़े व्यक्तियों के साथ अपने संबंधों का भी खुलासा किया। राम के यहां 150 करोड़ की संपत्ति के अलावा दो करोड़ के स्वर्ण आभूषण भी बरामद किए गए थे। ईडी को वीरेंद्र राम के पास से एक लैपटॉप और कुछ पेन ड्राइव भी मिली थीं। इसके आधार पर आगे जांच और कार्रवाई की जा रही है।

