गोंडा। कैसरगंज लोकसभा सीट के बीजेपी उम्मीदवार करण भूषण शरण सिंह के काफिले में चल रही पुलिस लिखी फॉर्च्यूनर गाड़ी ने दो बाइक सवार सहित चार लोगों को रौंद दिया। हादसे में बाइक पर सवार 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि 2 महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि करण भूषण अपने काफिले का साथ हुजूरपुर जा रहे थे। हुजूरपुर जाते समय काफिले में चल रही पुलिस एस्कोर्ट लिखी फॉर्च्यूनर गाड़ी ने बहराइच हुजूरपुर मार्ग पर स्थित छतईपूरवा के पास पहुंचते ही ओवरटेक करने की कोशिश की। इस कारण वह निदुरा गांव से मोटरसाइकिल पर सवार होकर करनैलगंज बाजार आ रहे दो युवकों की बाइक में टक्कर मार दी। इससे 21 वर्षीय रेहान और 20 वर्षीय शहजाद खान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 60 वर्षीय सीता देवी समेत हो महिलाएं घायल हो गईं।
हादसा इतना भीषण था कि फॉर्च्यूनर गाड़ी के आगे का परख्च्चे उड़ गए और फॉर्च्यूनर गाड़ी में अंदर बैठे लोगों ने एयरबैग खुलने से किसी तरीके से लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। लोगों के उग्र होने की स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और उग्र लोगों को किसी तरह शांत कराया।

