मुजफ्फरनगर । नगर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर रोड की पीर वाली मस्जिद के पास नूर ज्वेलर्स के मालिक फखरुल हसन के पूरे परिवार को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया। एक बदमाश पहले बुर्का पहनकर ग्राहक बनकर आया था। उसके बाद 3 अन्य बदमाश भी पहुंचे और गन पॉइंट पर लेकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। फखरुल हसन को बाथरूम और महिलाओं को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद शोर मचाने पर हत्या की धमकी देते हुए उन्हे चुप कर दिया। बाद में बदमाशों ने वहां रखे सोने चांदी के जेवर समेट लिए और फरार हो गए। जैसे तैसे मुक्त होकर फखरुल ने शोर मचाया और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस के बाद एसएसपी अभिषेक सिंह भी मौके पर पहुंच गए और मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार थानाक्षेत्र कोतवाली नगर के शाहबुद्दीनपुर रोड पर नूर ज्वैलर्स नाम से दुकान तथा आभूषण बनाने की छोटी फैक्ट्री है। आज दिनांक 15.07.2024 को समय लगभग प्रातः 10.30 बजे एक व्यक्ति बुर्का पहन के आभूषण देखने के लिए दुकान में दाखिल हुआ तथा मौका देखकर तमंचा निकाल लिया। इसी दौरान बुर्का पहने व्यक्ति के साथ 04-05 लोग भी दुकान में दाखिल हुए तथा दुकान में मौजूद लोगों को बंधक बनाते हुए दुकान व फैक्ट्री से लगभग 200 ग्राम सोने व चांदी के आभूषण को लूटने की घटना कारित की गयी। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को चोट नही आयी है।
घटना की सूचना प्राप्त होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह मय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए दुकान में मौजूद सभी लोगों से वार्ता की गयी एवं घटना के शीघ्र व सफल अनावरण हेतु एसओजी टीम के साथ तीन थानों की टीमों का गठन किया गया है।
प्रकरण के सम्बन्ध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह की बाइट-


