गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने कहा कि कोई जाति के नाम पर बांट रहा है, कोई क्षेत्र के नाम पर बांट रहा है, कोई भाषा के नाम पर बांट रहा है, कोई अव्यवस्था पैदा करने का काम कर रहा है। बांटने वाले इन तत्वों में रावण और दुर्योधन का डीएनए काम कर रहा है। जो काम त्रेतायुग में रावण ने किया, वही काम बांटने वाले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के दुश्मन जब सफल नहीं हो पा रहे हैं तो देश के अंदर विभेद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। अफवाह पैदा करने का काम कर रहे हैं। गाली गलौज पर उतर रहे हैं। पर, जैसे को तैसा जवाब देना ही पड़ेगा। उन्होंने हनुमान जी द्वारा लंका दहन करने के प्रसंग का रोचक अंदाज में उल्लेख करते हुए कहा कि आपलोग बजरंग बली बनिए। योगी ने कहा कि रामराज्य वह होता है जहां शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सबको मिलता है। न जाति, न भाषा, न क्षेत्र, न अगड़ा, न पिछड़ा, न छुआछूत अश्पृश्यता का विभेद नहीं होता। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में राशन, मकान, आयुष्मान, रसोई गैस समेत सभी योजनाओं का लाभ लोगों को बिना भेदभाव मिल रहा। विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी। यही तो रामराज्य है। सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी ने कहा कि हम सभी को बांटने वाली ताकतों से सतर्क होकर एकजुट रहना होगा। अगर ऐसी ताकतों के धोखे में आकर उन्हें मौका दे दिया तो ये फिर वही काम करेंगे। गुंडागर्दी का, अराजकता, दंगा कराने का। ये कहीं ताड़का को भेजेंगे, कहीं खर दूषण को भेजेंगे। कहीं चण्ड-मुण्ड को लेकर जाएंगे, अव्यवस्था पैदा करेंगे। बेटी-बहन की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करेंगे। कहीं गरीब की जमीन कब्जा करेंगे। कहीं व्यापारी का अपहरण करेंगे। कहीं राह चलते किसी राहगीर को गोली मारेंगे। कहीं पर्व और त्योहार के पहले दंगा भड़काएंगे। यही तो ये लोग करते थे, 2017 के पहले। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ऐसे तत्व जानते हैं कि जो सुरक्षा में सेंध लगाएगा वह राम नाम सत्य की ओर चला जाएगा। अब कोई जबरन कानून हाथ को लेगा तो उसे मालूम है कि कानून उसको फांसी के फंदे तक लेकर चला जाएगा। कोई राह में किसी बहन-बेटी की इज्ज़त से खिलवाड़ करेगा तो उसे पता है कि यह रास्ता उसे दुर्योधन और दुशासन की गति प्रदान कर देगा। कोई दंगा कराकर पर्व और त्योहारों में खलल डालने का काम करेगा तो उसे भी अंजाम पता है।

