मुजफ्फरनगर। जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ मोक्ष कल्याणक महोत्सव पूरे देश में बहुत ही श्रद्धा व भक्ति के साथ सभी जैन मंदिरों में मनाया जा रहा था इसी बीच बड़ौत में जैन कॉलेज प्रांगण में मान स्तंभ की पैड टूटने के दुखद हादसे से जैन समाज के कई व्यक्तियों की मौत हो गई व सैकड़ों की संख्या में घायल हुए समाज के लोगों के प्रति जैन समाज मुजफ्फरनगर में भी शोक की लहर दौड़ गई। श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र वहलना प्रबंध समिति के अध्यक्ष *राजेश जैन* ( गर्ग डुप्लेक्स), व महामंत्री *संजय जैन* (पारस टी एम टी) ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया। *राजेश जैन* ने कहा कि बड़ौत में जैन समाज के साथ जो क्षति हुई है उसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता है। इस हादसे से मुजफ्फरनगर जैन समाज भी बहुत दुखी है। हम सभी इस दुख में बड़ौत जैन समाज के साथ है।
भाजपा नेता रोहित जैन ने भी बड़ौत हादसे पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। रोहित जैन ने कहा कि बड़ौत की घटना से मन बहुत ही दुखी है। जैन समाज मुजफ्फरनगर दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है। घटना की खबर आते ही सर्व प्रथम राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल से संपर्क किया जिस पर मंत्री जी ने घटना की पूरी जानकारी लेते हुए शोकाकुल परिवार व घायलों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की वही घायलों को तुरंत उपचार हेतु बागपत जिला प्रशासन से संपर्क कर उचित व्यवस्था कराई।
श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र वहलना प्रबंध समिति के सदस्य *विप्लव जैन* ने भी बड़ौत हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया।


