चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने ईद उल अजहा को लेकर की पालिका तैयारियों की समीक्षा
मुजफ्फरनगर। आगामी 28 मई को गुरूवार को ईद उल अजहा (बकरीद) पर्व शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा मीनाक्षी स्वरूप ने शनिवार को टाउनहाल स्थित कार्यालय में पालिका पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह व अधिकारियों एवं सभासदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर पर्व के दौरान नगर में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप द्वारा इस समीक्षा बैठक में विशेष रूप से शहरी क्षेत्र में मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में कुर्बानी के बाद पशुओं के अवशेषों के उचित निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की जाएं, ताकि अवशेषों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके और नगर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने सभासदों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे आमजन को खुले में कुर्बानी न करने, पशुओं के अवशेष सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकने तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक करें।
बैठक में अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह को निर्देश दिया गया कि वो स्वयं उचित निगरानी करें और सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नगर के विभिन्न इलाकों में पर्याप्त संख्या में वाहन लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे लगातार सफाई व्यवस्था बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नगरवासियों को निर्बाध स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
नगर पालिका परिषद ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल संबंधी समस्या उत्पन्न होती है तो वे एई जलकल अनुज कुमार से मोबाइल नंबर 8860053096 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों के लिए स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही से मोबाइल नंबर 6306263566 पर संपर्क किया जा सकता है। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भरोसा दिलाया है कि ईद उल अजहा पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक में सभासद शोकत अंसारी, अन्नू कुरैशी, मोहम्मद खालिद, मोहम्मद शहजाद उर्फ चीकू, उमरदराज, सभासदपति नदीम, हसीब राणा, अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही, सीएसएफआई योगेश कुमार गोलियान, एसएफआई पलाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, एई जलकल अनुज कुमार, जेई जलकल जितेंद्र कुमार सहित अन्य विभागीय लिपिक और समस्त सफाई नायक उपस्थित रहे।


