Skip to main content

TR NEWS UP-UK

प्रेमिका को घर बुलाया और हत्या कर शव नहर के पास फेंका

देवबंद। पुरान प्रेम संबंध से पीछा छुड़ाने और दूसरी शादी में पुराना रिश्ता सामने आने से होने वाली कथित बदनामी के डर में युवक ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने अपनी मां को जगाकर पूरी घटना बताई। इसके बाद मां-बेटे ने मिलकर शव को बाइक पर लादा और साखन नहर में फेंक दिया। सैनपुर उर्फ शहजादपुर गांव की युवती की हत्या के मामले का शुक्रवार को पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी युवक और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी मोहित पुत्र घसीटू के युवती से कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, मोहित अब अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था। उसे आशंका थी कि युवती के साथ उसके संबंध सामने आने पर उसकी बदनामी हो सकती है। इसी के चलते उसने युवती से पीछा छुड़ाने का फैसला किया। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को मोहित ने युवती को अपनी छत पर बुलाया। वहां उसका मोबाइल फोन लेकर बंद कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपनी मां ओमवती को जगाया और घटना की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद मोहित और उसकी मां ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। शव को बाइक के बीच में बैठी अवस्था में रखा गया और कपड़े से ढक दिया गया। इसके बाद दोनों साखन नहर पहुंचे और शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का उद्देश्य शव को नहर में बहाकर घटना के साक्ष्य मिटाना था।

मामले में 17 सितंबर को वादी की तहरीर पर देवबंद थाने में मोहित के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मोहित की मां ओमवती की भूमिका भी सामने आने का दावा किया। इसके बाद मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने एसपी देहात और सीओ देवबंद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने मोहित को अतर सिंह फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया, जबकि उसकी मां ओमवती को उसके मकान से पकड़ा गया। पुलिस ने मोहित की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन बरामद किया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल UP-11 DB-3290 भी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Taja Report
Author: Taja Report

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *