लखनऊ में पहली बार आयोजित हो रहा राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह, प्रधानमंत्री करेंगे देशभर के प्रतिभाशाली प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित
उत्तर प्रदेश के छह मेधावी प्रशिक्षार्थियों को भी मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
कौशल विकास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी का योगदान ऐतिहासिक, सरकारी स्तर पर कौशल को नई पहचान मिली : कपिल देव अग्रवाल
लखनऊ, 21 नवंबर। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने जा रहे पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को लेकर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग में खासा उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने को विभाग के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर बताते हुए प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तर प्रदेश में और विशेष रूप से लखनऊ में विभाग के कार्यक्रम में पहली बार आगमन हम सभी के लिए अत्यंत उल्लास और गौरव का क्षण है।
प्रधानमंत्री करेंगे 52 राष्ट्रीय टॉपर्स का सम्मान
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के छह मेधावी प्रशिक्षार्थी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के छह युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि प्रदेश में कौशल प्रशिक्षण की गुणवत्ता और युवाओं की तकनीकी दक्षता को प्रदर्शित करती है।
दिग्गज नेताओं का मिलेगा सानिध्य और मार्गदर्शन
मंत्री ने बताया कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के लोकप्रिय सांसद राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री तथा केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री जयंत चौधरी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का सानिध्य भी प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री का संबोधन और उनका मार्गदर्शन निश्चित रूप से विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षण संस्थानों और युवाओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कौशल विकास को दी नई पहचान
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार कौशल विकास और स्किल की महत्ता को प्राथमिकता देते रहे हैं। कौशल भारत में आदिकाल से मौजूद रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इसे सरकारी स्तर पर नई पहचान, नई दिशा और नई गति मिली है। उन्होंने कौशल विकास से जुड़े संस्थागत प्रयासों को सशक्त बनाने का श्रेय प्रधानमंत्री के विजन को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
युवाओं के आत्मनिर्भर भविष्य को मिलेगी नई दिशा
मंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री का आगमन और उनका प्रेरणादायी उद्बोधन युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का समय देना, कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति देना और युवाओं का मार्गदर्शन करना हम सभी के लिए अभिभूत करने वाला क्षण है। यह आयोजन न केवल उत्तर प्रदेश के कौशल विकास विभाग के लिए गौरव का विषय है, बल्कि देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण अवसर भी बनेगा।


