ढाका। बांग्लादेश के सतखीरा में जेशोरेश्वरी मंदिर में चोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेंट किया गया देवी काली का मुकुट चोरी कर ले गए।
मंदिर के व्यवस्थापक ज्योति चटोपाध्याय के अनुसार चांदी और सोने की परत चढ़ा यह मुकुट गुरुवार दोपहर को चोरी हुआ।याद रहे कि प्रधानमंत्री मोदी ने मार्च 2021 में बांग्लादेश यात्रा के दौरान जेशोरेश्वरी मंदिर को यह मुकुट अर्पण किया था। चोरी हुआ मुकुट भक्तों के लिए सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व रखता है। हिंदू पौराणिक कथाओं में, जेशोरेश्वरी मंदिर को भारत और पड़ोसी देशों में फैले 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। जेशोरेश्वरी मंदिर का निर्माण 12वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में अनारी नामक ब्राह्मण ने कराया था। उन्होंने जशोरेश्वरी पीठ के लिए 100 दरवाजों वाला मंदिर बनवाया था। बाद में 13वीं शताब्दी में लक्ष्मण सेन ने इसका जीर्णोद्धार करवाया और अंततः राजा प्रतापादित्य ने 16वीं शताब्दी में मंदिर का पुनर्निर्माण करवाया।


