मुजफ्फरनगर- नए एडीएम फाइनेंस अजीत कुमार सिंह का मुजफ्फरनगर आने से पहले ही गौतम बुध नगर हुआ तबादला
लखनऊ । शासन ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रांतीय सिविल सेवा और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का एक बड़ा तबादला आदेश जारी किया है। इस फेरबदल के तहत सूबे के कई जिलों के अपर जिलाधिकारियों नगर मजिस्ट्रेटों और नगर निगमों के अपर नगर आयुक्तों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं।
इसी प्रशासनिक फेरबदल के क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद को भी नया अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मिल गया है। मेरठ से स्थानांतरित होकर आ रहे अनिरुद्ध प्रताप सिंह मुजफ्फरनगर के नए एडीएम होंगे। वहीं, मुजफ्फरनगर भेजे गए अजीत कुमार सिंह का तबादला संशोधित करते हुए उन्हें अब एडीएम वित्त एवं राजस्व गौतमबुद्धनगर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन द्वारा जारी अधिकारिक सूची के अनुसार, मेरठ में अपर जिलाधिकारी के पद पर तैनात बृजेश कुमार सिंह का पूर्व में हुआ सीतापुर तबादला निरस्त करते हुए उन्हें मेरठ में ही यथावत रखा गया है। वहीं, मेरठ में ही एडीएम सिटी के पद पर स्थानांतरित होकर आए अनिरुद्ध प्रताप सिंह को अब मुजफ्फरनगर में एडीएम के पद पर नई तैनाती दी गई है। मुजफ्फरनगर जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील जनपद में इस नई प्रशासनिक नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है, जहां नए अधिकारी के सामने राजस्व मामलों के निस्तारण और विकास कार्यों को गति देने की मुख्य चुनौती होगी। इसके अतिरिक्त, आईएएस राम मोहन मीणा को मुख्य विकास अधिकारी प्रतापगढ़ के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

