अयोध्या। इस बार भी दीपोत्सव पर 35 लाख दीपक जलाने का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की जा रही है। दीपावली पर राम की पैड़ी पर 25 लाख दीप एक साथ जलाकर विश्व रिकार्ड बनाया जाएगा। वहीं, अयोध्या नगर क्षेत्र में भी 10 लाख दीप जलाए जाएंगे।
इस तरह 35 लाख दीप जलाए जाएंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम, जानकी व लक्ष्मण स्वरूप का पूजन करेंगे। इसके साथ ही श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया जाएगा। 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस उत्सव में अत्याधुनिक तकनीक से त्रेतायुग की झलकियां दिखाई जाएंगी। पर्व पर मुख्य आयोजन 30 अक्तूबर को रामपथ, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी तथा सरयू तट आदि पर आयोजित किए जाएंगे। रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां व 30 कलाकारों के साथ दल द्वारा रामपथ सचल प्रदर्शन का शुभारंभ होगा। श्रीराम-सीता व लक्ष्मण के स्वरूपों का हेलीकाप्टर से रामकथा पार्क हेलीपैड पर प्रतीकात्मक पुष्प विमान द्वारा अवतरण होगा। यह आयोजन अनूठा होगा।

