मथुरा। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा और नकल कराने की साजिश रचने वाले एक गिरोह का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। एसटीएफ मेरठ की फील्ड यूनिट ने शनिवार रात थाना राया क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया जो अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर ब्लू-टूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा पास कराने का लालच दे रहा था।
एसटीएफ मेरठ यूनिट के उपनिरीक्षक संजय कुमार को सर्विलांस और मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम हवेली निवासी अनुज कुमार कस्बा राया में अभ्यर्थियों से ठगी करने और परीक्षा में नकल कराने के उद्देश्य से अपने साथी से मिलने आने वाला है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने बलदेव रोड स्थित रजनी लाइब्रेरी के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा यूपी एसटीएफ ने पुलिस भर्ती परीक्षा में ठगी करने वाले तीन लोगों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। टेलीग्राम पर ग्रुप बनाकर यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड के अभ्यर्थियों से ठगी कर रहे थे। यूपी एसटीएफ ने सुमित मीना उर्फ लोढा शाहिल, और साजिद को थाना सवाई माधौपुर राजस्थान से गिरफ्तार किया है।

