मुजफ्फरनगर । अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहे दिल्ली के परिवार का वाहन दिल्ली देहरादून हाईवे पर पुरकाजी बाईपास पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में एक बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर जाकर ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकलवाया और उनको एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया गया। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में से 50 वर्षीय जयप्रकाश और 4 साल के मासूम बालक अमन पुत्र संजय कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल देवांशी पुत्री संजय कुमार, रजनी पत्नी संजय कुमार और संजय कुमार पुत्र धर्मपाल तथा चन्द्री देवी को जिला अस्पताल से मेरठ रैफर कर दिया गया। परिजन गंभीर घायलों को तत्काल ही मेरठ के लिए लेकर रवाना हो गये थे। हादसे मृतक जयप्रकाश और अमन के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। माना जा रहा है कि नींद की झपकी आने के कारण चालक सड़क पर खडे ट्रक को देख नहीं पाया और तेज गति से वाहन ट्रक से टकरा गया।


