देहरादून। चारधाम यात्रा के लिए भारी भीड़ और जाम के हालात बढ़ने के बाद वाहनों के आवागमन के लिए दून पुलिस ने नया रूट प्लान जारी किया है। मसूरी में भीड़ को देखते हुए चारधाम यात्रा के लिए जाने वाले भारी वाहनों (बस व टेंपो-ट्रेवलर) को देहरादून-मसूरी हाईवे पर नहीं जाने दिया जाएगा और कुठालगेट चेक पोस्ट पर रोक दिया जाएगा।
15 और 16 मई को हरिद्वार और ऋषिकेश में चारधाम यात्रा के पंजीकरण बंद रहेंगे। चारों धामों बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भारी भीड़ के चलते शासनादेश जारी किया गया है। हजारों यात्री पहले से ही हरिद्वार और ऋषिकेश में फंसे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन श्रद्धालुओं से कुछ दिन रुक कर जाने की अपील कर रहा है।
चार धाम यात्रा पर भारी भीड़ के चलते केदारनाथ बदरीनाथ गंगोत्री व यमुनोत्री जाने वाले तीर्थ यात्री जहां तहां फंस रहे हैं। इसके चलते नये रूट प्लान के तहत हरिद्वार से चारधाम के लिए जाने वाले वाहन अब रायवाला-श्यामपुर-ऋषिकेश होकर जाएंगे। देहरादून से यमुनोत्री धाम जाने वाले तीर्थयात्री शिमला बाईपास से विकासनगर होते हुए जाएंगे। देहरादून से छोटे वाहनों को ही देहरादून-मसूरी हाईवे पर जाने की अनुमति दी जाएगी।
ऋषिकेश व हरिद्वार से वाया देहरादून से यमुनोत्री-गंगोत्री यात्रा पर जाने वाले वाहनों का मार्ग ऋषिकेश हरिद्वार–भानियावाला तिराहा– मोहकमपुर– रिस्पना–कारगी चौक–आइएसबीटी–सेंट ज्यूड्स चौक–शिमला बाईपास रोड–विकासनगर से होते हुए रहेगा।
उत्तर प्रदेश से मसूरी जाने वाले पर्यटकों के वाहनों का मार्ग
आइएसबीटी- शिमला बाईपास सेंट ज्यूड्स चौक–कमला पैलेस तिराहा–बल्लीवाला फ्लाई ओवर–बल्लूपुर-कैंट तिराहा–जोहडी गांव-पुरकुल गांव तिराहा–कुठालगेट- कोल्हूखेत–मसूरी ।
हिमांचल प्रदेश से मसूरी जाने वाले पर्यटकों के वाहनों के लिए रूट प्लान
प्रेमनगर-बल्लूपुर चैक-कौलागढ़-कैंट तिराहा–जोहडी गांव-पुरकुल गांव तिराहा–कुठालगेट-कोल्हूखेत –मसूरी
वापसी का रूट प्लान यह है
मसूरी से हिमाचल जाने वाले वाहनों के लिए-कुठालगेट–पुराना राजपुर रोड-साईं मंदिर डायवर्जन-जोहड़ी गांव कट से सीएसडी कैंटीन तिराहा–कैंट तिराहा-बल्लूपुर से अपने गंतव्य स्थान तक
मसूरी से आशारोड़ी व उत्तर प्रदेश जाने वाले वाहनों के लिए-कुठालगेट-पुराना राजपुर रोड-साईं मंदिर–किरशाली चौक-आइटी पार्क–छह नंबर पुलिया–जोगीवाला –रिस्पना पुल-आइएसबीटी-आशारोड़ी से गंतव्य स्थल तक
मसूरी से ऋषिकेश मार्ग-कुठालगेट-पुराना राजपुर रोड-साईं मंदिर-किरशाली चौक–कालागांव–मालदेवता-थानों रोड-भानियावाला तिराहा होते हुए ऋषिकेश।

