Skip to main content

TR NEWS UP-UK

परिक्रमा मार्ग के निर्माण पर पांच करोड रुपये खर्च करेगी पालिका

मुजफ्फरनगर। श्री राम कॉलेज के सामने परिक्रमा मार्ग का निर्माण जल निगम की लेट लतीफी के कारण अटका हुआ है। यहां पर पूर्व में एमडीए द्वारा कराये गये नाला निर्माण कार्य के गलत होने के कारण स्थिति बदहाल हुई है। यहां पर सबसे बड़ी आवश्यकता जल निकासी की बदहाल व्यवस्था को सुचारू करना है। इसके लिए जल निगम नगरीय इकाई को दायित्व मिला है। यहां पर जल निगम को जल निकासी की बेहतर व्यवस्था के लिए कार्य करना है। इसमें हो रही देरी के कारण ही नगरपालिका परिषद् का निर्माण विभाग सड़क निर्माण कार्य को शुरू नहीं करा पा रहा है, जबकि इस सड़क की बदहाली दूर करने के लिए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप पांच करोड़ रुपये लगाने को तैयार हैं। पालिका करीब चार करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण का टैण्डर भी छोड़ चुकी है। इंतजार जल निगम की हरी झंडी का है।

बता दें कि इस सड़क की दुर्दशा को दूर करने के लिए नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने विशेष प्राथमिकता पर कार्य 13 अक्टूबर को सम्पन्न हुई बोर्ड बैठक में पास कराये। इसमें करीब पांच करोड़ रुपये का बजट खर्च कर मीनाक्षी स्वरूप इस सड़क का निर्माण कार्य कराने के साथ ही नाले की मरम्मत कार्य कराने का काम भी कराने जा रही है। चयेरपर्सन की विशेष प्राथकिता पर निर्माण विभाग ने तेजी से कार्य किया और सड़क निर्माण का टैण्डर भी स्वीकृत कराया जा चुका है। नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि शहरी विकास में परिक्रमा मार्ग की बदहाली को दूर करना हमारी शीर्ष प्राथमिकता है। इसके लिए हम अपनी जिम्मेदारी को समझते हैं और पालिका बोर्ड में इस सड़क के निर्माण कार्य के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत करा लिया गया है, पहले जल निगम को जल निकासी की सुविधा बहाली के लिए काम पूरा करना है, इसके बाद ही सड़क का निर्माण शुरू होगा।

नगर पालिका परिषद् के सहायक अभियंता निर्माण नैपाल सिंह ने बताया कि चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की विशेष प्राथमिकता और जनहित के दृष्टिगत परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य का टैण्डर हो चुका है। पालिका इस सड़क को दो हिस्सों में बनाने जा रही है। इसमें भगीरथ चौक की पुलिया से रेलवे क्रासिंग तक दाई ओर के निर्माण पर 01 करोड़ 99 लाख 68 हजार 500 रुपये और एटूजेड चौराहा पुलिया से श्रीराम कॉलेज के सामने होकर रेलवे क्रासिंग तक के निर्माण पर 01 करोड़ 99 लाख 89 हजार 400 रुपये खर्च होंगे। इन दोनों साइड की सड़क निर्माण के लिए टैण्डर मजूर हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त इसी मार्ग पर भगीरथ चौक स्थित नाले की पुलिया से श्रीराम कॉलेज के सामने से रेलवे क्रासिंग तक बने नाले की दीवारों को ऊंचा करने, अवशेष भाग में नाले का निर्माण और डिवाइडर निर्माण कार्य भी नगर पालिका अलग से कराने जा रही है। इसके लिए पालिका के निर्माण विभाग ने 01 करोड़ 28 लाख 14 हजार 400 रुपये का व्ययानुमान पास कराया था।

एई नैपाल सिंह ने बताया कि पालिका जल निगम के प्रोजेक्ट के लेट होने के कारण सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं करा पा रही है। इसमें जल निगम को इस मार्ग पर जल निकासी की सुविधा विकसित और सुदृढ़ करनी है। इसके लिए कुछ हिस्से में ओपन नाला और वसुन्धरा रेजीडेंसी से भगीरथ चौक तक हयूम पाइप डालकर बंद नाला बनाने का कार्य होना है। इस कार्य की डीपीआर जल निगम नगरीय इकाई के एक्सईएन अबू जैद के द्वारा सहारनपुर एसई कार्यालय में स्वीकृति के लिए भेजी है, जो अभी प्राप्त नहीं हुई। एई का कहना है कि जल निगम अपना कार्य पूर्ण करे तो ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो पायेगा।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *