बागपत। दोघट के बामनौली गांव में पत्नी से अवैध संबंधों में युवक की हत्या कर शव घर के बाहर लटका दिया।
गांव के लोकेंद्र कश्यप उर्फ प्रेमी (36) की देर रात गला घोंटकर हत्या कर उसका शव आरोपी के घर के बाहर चबूतरे की दीवार पर लटका दिया। मृतक के बड़े भाई जोगेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी हरिदर्शन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी भी ली।
बामनौली गांव निवासी लोकेंद्र उर्फ प्रेमी अपने पड़ोसी हरिदर्शन के साथ भवन निर्माण में मजदूरी करता था। उनका भाई मनोज सेना में है। जोगेंद्र ने बताया कि लोकेंद्र अपने पड़ोसी हरिदर्शन की पत्नी से बातचीत करता था, जिसको लेकर हरिदर्शन को दोनों के बीच अनैतिक संबंध होने का शक हो गया था। इसको लेकर हरिदर्शन उसके भाई लोकेंद्र से दुश्मनी रखने लगा था।
आरोप लगाया कि बुधवार रात उसके भाई लोकेंद्र और हरिदर्शन ने एक साथ शराब पी। शराब पिलाने के बाद उसके भाई की पिटाई करने के बाद रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। बृहस्पतिवार सुबह हरिदर्शन के घर के बाहर बने चबूतरे की दीवार पर लोकेंद्र का शव लटका हुआ मिला। चेहरे पर चोट और गले पर रस्सी के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

