आगरा। पति से विवाद के बाद सिपाही से संबंध भी जिंदगी नहीं दे पाए। थाना सदर स्थित सैनिक नगर में बहन के घर आई 34 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। वह फैशन डिजाइनर थी। पुलिस ने मृतका का मोबाइल कब्जे में लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका के प्रेम संबंध कानपुर नगर के रहने वाले एक सिपाही जेबी गाैतम से चल रहे थे। दोनों चार साल से लिवइन में रह रहे थे। पिछले दिनों सिपाही ने शादी से इंकार कर दिया। इससे तनाव में आकर मृतका ने आत्मघाती कदम उठाया है। पिता ने सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से सहावर, कासगंज निवासी महिला पति से विवाद के कारण अलग रह रही थी। वह फैशन डिजाइनिंग का काम करके अपने घर का खर्च चला रही थी। इस दौरान उसके प्रेम संबंध कानपुर नगर निवासी सिपाही जेबी गाैतम से हो गए। वह थाना ताजगंज में कंप्यूटर आपरेटर के पद पर तैनात था। मृतका के पिता का आरोप है कि सिपाही ने बेटी से शादी का वादा किया। वो उसे ताजगंज क्षेत्र में किराये के मकान में लेकर रह रहा था। पिछले दिनों बेटी ने सिपाही से शादी के लिए बात की। मगर उसने इंकार कर दिया। उसे काफी समझाया, लेकिन वो मानने के लिए तैयार नहीं हुआ।