मुजफ्फरनगर। स्पिक मैके मुजफ्फरनगर चैप्टर द्वारा ग्रामीण अंचल में चल रही कार्यशाला – प्रस्तुतीकरण श्रृंखला के अंतर्गत आज स्वामी कल्याणदेव इंटर कॉलेज बघरा तथा पी टी ऊषा कन्या इंटर कॉलेज तितावी में कथक के बेहद सार्थक कार्यक्रम आयोजित किए गए । देश विदेश में कार्यक्रम दे चुकीं नृत्यांगना अश्मिता ऐच ने विद्यार्थियों को कथक के वैभव के साक्षात् दर्शन कराये ।
देश की वैभवशाली सांस्कृतिक धरोहर को विगत 49 वर्षों से युवा पीढ़ी से साक्षात् कराने में संलग्न स्पिक मैके ने कुचिपुड़ी और ओडिसी की सफल श्रृंखलाओं के बाद कथक की कार्यशाला – प्रस्तुतीकरण में अश्मिता ऐच को आमंत्रित किया है जो 1 अक्टूबर तक प्रतिदिन दो विद्यालयों में कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी । आज के कार्यक्रम में उन्होंने शास्त्रीय परम्परा के अनुसार गणेश वंदना “शुभ दर्शन प्रथम मनाओ मंगल” पर बहुत सुंदर प्रस्तुति दी । इसी कड़ी में उन्होंने नृत्त पक्ष और भाव पक्ष को दर्शाती दो प्रस्तुतियों से दर्शकों को सम्मोहित कर दिया ।
“कृष्ण सखा मिल गए ग्वालिन घर” पर कृष्ण लीला के प्रसंगों की अत्यंत भावपूर्ण प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं । कार्यक्रम के अंत में सूरदास के नाचत सुढंग की अष्टपदी पर लय ताल आदि पर अपनी गहरी पकड़ का परिचय दिया । उन्होने एक कुशल गुरु की भूमिका में विद्यार्थियों को कथक की विशेषताओं का परिचय कराते हुए कुछ अंगों का अभ्यास भी कराया ।। स्वामी कल्याणदेव की प्रधानाचार्या मंजू मलिक तथा पी टी ऊषा कन्या की प्रधानाचार्या श्रीमती ऊषा ने कलाकारों तथा अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया तथा अश्मिता ऐच का स्वागत सम्मान करते हुए आभार प्रकट किया । इस अवसर पर प्रवीण कुमार पुंडीर,विजेंद्र सिंह, भावना संगल विशेषरूप से उपस्थित रहे । कार्यक्रम के आयोजन में राहुल सेन, डॉ नीति मित्तल, मृदुला मित्तल की खास भूमिका रही ।


