मेरठ। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर जानी और भोला के बीच दिल्ली से हरिद्वार जा रही सेंट्रो कार में गांव सिसौला खुर्द के सामने आग लगने से कार में सवार चारों लोग जिंदा जल गए। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार चौधरी चरण सिंह गंग नहर पटरी पर रात नौ बजे के करीब फायर कंट्रोल रूम को फोन कर कार में आग लगने की सूचना मिली थी। जानी थाना पुलिस और फायर कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग बुझाने पर देखा गया तो कर में चार लोगों के कंकाल पड़े हुए थे। चारों लोग इतनी बुरी तरह से जल चुके हैं कि यह भी पहचान करना मुश्किल हो रहा है कौन पुरुष है, कौन महिला है। गाड़ी की नंबर प्लेट मिली है, जिस पर दिल्ली का नंबर DL4Cएपी 4792 है। गाड़ी दिल्ली के सोहनपाल पुत्र ओमप्रकाश गांव पहलादपुर बांगर के नंबर पर है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। बताया गया है कि गैस किट लगी कार में यह हादसा हुआ।


