Skip to main content

TR NEWS UP-UK

नगर पंचायत जानसठ के सभासदों ने किया सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का ऐलान

जानसठ। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव पर कथित हस्तक्षेप से नाराज नगर पंचायत जानसठ के सभासदों ने देर रात सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। सभासदों ने जिला अधिकारी के नाम अपना सामूहिक इस्तीफा पत्र नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. आबिद हुसैन को सौंपते हुए स्पष्ट किया कि निर्वाचित बोर्ड के सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय में हस्तक्षेप किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मामला पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जानसठ क्षेत्र में लगाए गए फ्लैक्स बोर्ड से जुड़ा है। बताया गया कि नगर पंचायत बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर राजमार्ग पर फ्लैक्स बोर्ड लगाए गए थे। इन बोर्डों पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, भारत रत्न एवं किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह, चौधरी अजीत सिंह, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, क्षेत्रीय विधायक मदन भैया तथा लोकदल जानसठ चेयरमैन डॉ. आबिद हुसैन सहित अन्य प्रमुख लोगों के चित्र लगे हुए हैं।

सभासदों के अनुसार, उक्त फ्लैक्स बोर्ड को लेकर नगर पंचायत के एक नामित सभासद द्वारा शिकायत की गई। शिकायत के बाद फ्लैक्स बोर्ड उतरवाने के आदेश से निर्वाचित सभासदों में रोष फैल गया। इसी के विरोध में सभासदों ने देर रात बैठक कर सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

सभासदों का कहना है कि जब बोर्ड बैठक में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था, तो उसके क्रियान्वयन में हस्तक्षेप करना निर्वाचित बोर्ड के अधिकारों और गरिमा पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यदि बोर्ड के सामूहिक निर्णयों को इसी प्रकार प्रभावित किया गया तो निर्वाचित सभासदों के पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।

सभासदों ने ऐलान किया कि सोमवार को सभी सभासद जिला अधिकारी उमेश मिश्रा से मुलाकात कर अपने पद से सामूहिक इस्तीफा प्रस्तुत करेंगे। सामूहिक इस्तीफे के ऐलान से नगर पंचायत की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।

इस दौरान सभासद मोहम्मद अहसान, विशाल सैनी, सुशील कुमार, रुबीना अब्दुल्ला कुरैशी, विकास गुप्ता, कुसुम सैनी, मन्शूर अंसारी, सविता देवी, सत्यपाल प्रजापति, अफसाना अंसारी, गौरव भटनागर, अफसाना मलिक, राजन कुमार आदि मौजूद रहे।

 

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *