कुशीनगर। रामकोला स्थित थाना क्षेत्र के एक चौराहे पर स्थित एक मकान में घुस कर रात दो लग्जरी वाहनों से आए शातिरों ने असलहे के बल पर आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो नर्तकियों को अगवा कर लिया। इसके बाद रास्ते भर फायरिंग करते हुए नर्तकियों को कप्तानगंज क्षेत्र के सोहनी गांव ले गए और वहां सामूहिक दुष्कर्म किया। रामकोला थाना क्षेत्र के गोबरही बाजार इलाके के एक चौराहे पर स्थित मकान में प. बंगाल निवासी दो नर्तकियां रहती हैं। आरोप है कि रविवार देर रात करीब 11.30 बजे दो लग्जरी वाहनों से छह लोग पहुंचे और जबरन नर्तकियों के कमरे में घुस गए। असलहा निकालकर हवाई फायरिंग करते हुए जबरन नर्तकियों को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगे। फायरिंग की आवाज सुनकर वहां अफरातफरी मच गई। एक पड़ोसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो मनबढ़ों ने उनको भी मारा-पीटा। इस पर दहशत के मारे अगल-बगल के लोगों ने अपने घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद कर लिए। इसके बाद मनबढ़ नर्तकियों को गाड़ी में बैठाकर कप्तानगंज की ओर निकल गए। नर्तकियों का आरोप है कि रास्ते भर मनबढ़ों ने हवाई फायरिंग करते हुए उनके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सोहनी गणेश चौक पर एक मकान में ले गए और बारी-बारी उनके साथ दुष्कर्म किया।

