मुजफ्फरनगर । छात्र दिव्यांशु जटराणा की हत्या के बाद परिजनों से मिलने पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत ने तीन अप्रैल को देहरादून में पंचायत करने की घोषणा की। दिव्यांशु जटराणा की हत्या के बाद अथाई गांव पहुंचे राकेश टिकैत ने परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के लोग हमेशा उत्तराखंड को अपना परिवार मानते रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं।
टिकैत ने कहा कि उत्तराखंड में यूपी के छात्र-छात्राओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई लोग लंबे समय से हॉस्टल में रह रहे हैं और बाहर से आने वाले छात्रों के साथ सही व्यवहार नहीं किया जाता। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर तीन अप्रैल को देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पंचायत आयोजित की जाएगी। पंचायत में छात्रों की सुरक्षा और न्याय की मांग उठाई जाएगी। क्या है पूरा मामला
मुजफ्फरनगर निवासी बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराणा की सोमवार रात कुछ युवकों ने पिटाई कर दी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।


