नई दिल्ली। रविवार को एक बार फिर दिल्ली के 20 से अधिक अस्पतालों, आईजीआई एयरपोर्ट समेत उत्तर-रेलवे की सीपीआरओ बिल्डिंग को बम से उड़ाने की धमकी मिली। आरोपी ने सभी जगह ईमेल कर यहां बम रखा होने की सूचना दी। लखनऊ के एयरपोर्ट को उडाने की धमकी भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा बम व डॉग स्क्वायड को मौके पर पहुंच गए। गनीमत यह रही कि रविवार को छुट्टी होने की वजह से अस्पताल में ज्यादा भीड़ नहीं थे। पुलिस, दमकल विभाग व बाकी जांच एजेंसियों ने अस्पताल, एयरपोर्ट की सघन तलाशी ली। छानबीन के बाद पुलिस को वहां से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। माना जा रहा है कि स्कूलों में बम रखे जाने की सूचना की तरह ही अस्पताल व दूसरी महत्वपूर्ण जगहों पर बम की झूठी सूचना दी है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि ईमेल यूरोप से भेजा गया है। किसी कोर्ट ग्रुप ने ईमेल भेजने और बम रखने की जिम्मेदारी ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

