अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल ने दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय से किया कार्यक्रम का पुनः शुभारंभ, हवन के बाद विभिन्न वर्गों के लोगों को कराया गया त्रिशूल धारण संस्कार
दिल्ली। अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल द्वारा त्रिशूल धारण संस्कार कार्यक्रम का आज अष्टमी के पावन अवसर पर दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय से पुनः शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय अग्रवाल, राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री अरुण प्रताप सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कांति प्रसाद गुप्ता एवं दिल्ली प्रदेश संयोजक डॉ. विनोद कुमार शर्मा की उपस्थिति में विधिवत हवन-पूजन के पश्चात त्रिशूल धारण संस्कार संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री अरुण प्रताप सिंह को अभियान के प्रथम चरण में समस्त उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में त्रिशूल धारण संस्कार कार्यक्रम का प्रभारी नियुक्त किया गया। उनके नेतृत्व में दोनों राज्यों में कार्यक्रम को आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
इस अवसर पर ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, अनुसूचित जाति सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों एवं महिलाओं ने भी सहभागिता की। हवन-पूजन के पश्चात सभी को विधिवत रूप से त्रिशूल धारण संस्कार कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता, अनुशासन एवं हिंदू समाज में संगठन की भावना को प्रोत्साहित करना बताया गया।
अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि अष्टमी के पावन अवसर पर आदिशक्ति मां भवानी एवं भगवान महादेव के प्रतीक त्रिशूल के माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित, जागरूक एवं सशक्त बनाना है। त्रिशूल को धार्मिक आस्था और शक्ति के प्रतीक के रूप में धारण करने के साथ उसके प्रति मर्यादा एवं अनुशासन बनाए रखना प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि त्रिशूल धारण करने वाले सभी सदस्यों को संगठन के नियमों एवं अनुशासन का पालन करना होगा। त्रिशूल का प्रदर्शन करके किसी को भयभीत करना, उसे धमकाने के लिए लहराना अथवा किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में उसका इस्तेमाल करना पूर्णतः निषिद्ध है। संगठन किसी भी प्रकार की आपराधिक प्रवृत्ति या कानून-विरोधी गतिविधि का समर्थन नहीं करता।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। नवनियुक्त प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित करने तथा इच्छुक लोगों को धार्मिक परंपराओं, संगठनात्मक मर्यादाओं और कानून के पालन के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल ने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे धार्मिक प्रतीकों का सम्मान करें, सामाजिक सद्भाव बनाए रखें तथा प्रत्येक गतिविधि में कानून और संगठन के अनुशासन का पालन करें।


