मुजफ्फरनगर । थाना तितावी क्षेत्र के एक गांव से करीब एक सप्ताह पहले लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया। किशोरी कक्षा आठ की छात्रा है। उसके भाई की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी/अपहरण के संबंध में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के बेहड़ा खुर्द निवासी सादिक पुत्र इंतजार का किशोरी के पड़ोस में आना-जाना था। आरोप है कि वह किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने सूचना के आधार पर धौलरा पुल के पास से आरोपी सादिक को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी किशोरी को डरा-धमकाकर इधर-उधर ले जा रहा था। शक होने पर किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। किशोरी को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है।


