मुजफ्फरनगर। जीएसटी अधिकारियों ने विभाग की टीम ने श्रीराम पोटाश पर छापे में बड़ी कर चोरी पकड़ी। 1 करोड़ 68 लाख रुपये मौके पर ही जमा कराए गये। यह फैक्ट्री पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के पिता चौधरी सुरेंद्र सिंह की है। ‘श्रीराम पोटाश प्राइवेट लिमिटेड’ शेरनगर, जानसठ रोड पर स्थित है। अधिकारियों की टीम ने करीब 14 से 15 घंटे तक सघन जांच अभियान चलाया। छापेमारी में भारी वित्तीय अनियमितताएं मिलीं। जीएसटी एसआईबी के जॉइंट कमिश्नर सिद्धेशचंद दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार को विभिन्न टीमों का गठन कर यह कार्रवाई शुरू की गई। शनिवार को भी जांच कार्यवाही जारी रही। जीएसटी के अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री के स्टॉक रजिस्टर, सेल-परचेज रिकॉर्ड, ई-वे बिल और टैक्स रिटर्न का बारीकी से मिलान किया गया। जांच के दौरान भारी वित्तीय अनियमितताएं और टैक्स चोरी के पुख्ता प्रमाण मिले। विसंगतियां इतनी गंभीर थीं कि जीएसटी विभाग ने मौके पर ही 1 करोड़ 68 लाख रुपये की राशि जमा करा ली। विभाग ने फैक्ट्री के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी अपने कब्जे में लिए हैं। आगे जांच चल रही है।


