मुज़फ्फ़रनगर । सांस्कृतिक आंदोलन में सक्रिय संस्था स्पिक मैके सरकारी स्कूलों हेतु विशेष रूप से तैयार की 10 कार्यक्रमों कार्यशाला – प्रदर्शन श्रृंखला का शुभारंभ वैदिक पुत्री कन्या पाठशाला व ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में भरतनाट्यम की सुप्रसिद्ध नृत्यांगना डॉक्टर मंदाक्रांता रॉय के मनमोहक कार्यक्रमों से संपन्न हुआ । नृत्यांगना मंदाक्रांता ने बच्चों को भरतनाट्यम की क्रियाओं सिखाने के साथ अपनी प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों को अभिभूत कर दिया ।
स्पिक मैके भरतनाट्यम की कार्यशाला – प्रदर्शन श्रृंखला में त्रिपुरा में जन्मी तथा कोलकाता से पधारी विख्यात नृत्यांगना डॉक्टर मंदाक्रांता रॉय ने सर्वप्रथम बच्चों भरतनाट्यम के 2000 वर्ष पुराने इतिहास से परिचय कराया । वनस्पति विज्ञान में पीएच डी तथा भरतनाट्यम में परास्नातक मंदाक्रांता ने बच्चों को कला का महत्व बताते हुए भरतनाट्यम की कुछ क्रियाओं का अभ्यास कराया । भरतनाट्यम के मूलभूत पॉश्चर सम, अरमंडी, मूरमंडी के साथ साथ हस्तमुद्राओं,दृष्टि और ग्रीवा संचलन के अभ्यास में बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया ।
पद्मभूषण प्रोफेसर सी वी चंद्रशेखर की शिष्या मंदाक्रांता रॉय ने कार्यक्रम अत्याधिक मनमोहक प्रस्तुतियां भी दीं । कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश जी को समर्पित पुष्पांजलि से करते हुए तुलसीदास रचित “गाइए गणपति जगवंदन“ से माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया । गंगावतरण की मनमोहक प्रस्तुति के साथ उन्होंने खूबसूरत तिल्लाना प्रस्तुत अपनी कठिन साधना का परिचय दिया । उनकी प्रतिभा के सम्मान में संस्कृत मंत्रालय के संगीत नाटक अकादमी द्वारा प्रतिष्ठित युवा उस्ताद बिस्मिल्लाह खान पुरस्कार से नवाजा जा चुका है ।
वैदिकपुत्री कन्या पाठशाला में दीप प्रज्वलन की औपचारिकता प्रधानाचार्या श्रीमती राजेश कुमारी,मीनू गोयल, प्रबंध समिति के नवीन जैन तथा आशीष द्विवेदी सहित अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने पूरी की । ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य विजय शर्मा, प्रबंध तंत्र के विनोद कुमार,डॉ अशोक कुमार, तथा अन्य उपस्थित प्रधानाचार्यों ने की ।
इस अवसर पर डी ए वी इंटर, नगरपालिका कन्या, एस डी इंटर, आर्य कन्या, एस डी कन्या गांधी कॉलोनी, जैन कन्या प्रेमपुरी के प्रधानाचार्यगण उपस्थित रहे । डॉ मृदुला मित्तल, डॉ नीति मित्तल, विशु, राहुल सेन का कार्यक्रम के आयोजन में विषय योगदान रहा ।


