मुजफ्फरनगर। फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई समेत दो लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी और डीएम के फर्जी हस्ताक्षर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर ने बताया कि अभिनेता के भाई शेख नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई अयाजुद्दीन नंबरदार और जावेद इकबाल के बीच चकबंदी को लेकर विवाद का मामला जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में विचाराधीन है। अयाजुद्दीन ने 12 दिसंबर 2023 को अपनी कृषि भूमि के विवाद को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर प्रार्थना पत्र के साथ जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय से आठ दिसंबर 2023 को जारी आदेश पत्र की प्रति भी चकबंदी विभाग के कार्यालय को भेजी।
इसमें प्रकरण का निस्तारण अयाजुद्दीन के पक्ष में करने का आग्रह किया गया था जबकि जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ। एसडीएम बुढ़ाना की जांच में कहा गया कि डीएम कोर्ट से कथित आदेश अयाजुद्दीन और उसके विपक्षी जावेद इकबाल ने एक दूसरे को हानि पहुंचाने के उद्देश्य से फर्जी हस्ताक्षर वाला आदेश पत्र दिया है। एडीएम (प्रशासन) ने जांच की, जिसमें कहा गया कि चूंकि यह स्पष्ट नहीं हुआ कि डीएम के फर्जी हस्ताक्षर का आदेश किसने बनाया और दोनों पक्षकार इस मामले से जुड़े हैं, इस कारण दोनों के ही विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। फर्जी आदेश किसने बनाया, यह जांच पुलिस करेगी।
बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र ने बताया कि डीएम के पेशकार की तहरीर पर अयाजुद्दीन और जावेद इकबाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवेचना उपनिरीक्षक जयवीर सिंह चौधरी को सौंपी गई है।

