मुंबई। टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल की अभिनेत्री शबरीन खुद सलाखों के पीछे पहुंच गई हैं। बताया जाता है कि शबरीन का ब्रजेश सिंह नामक युवक से प्रेम संबंध था, लेकिन ब्रजेश का परिवार शादी के लिए राजी नहीं था। इससे नाराज शबरीन ने उन्हें सबक सिखाने के लिए ब्रजेश के साढ़े तीन साल के भतीजे का अपहरण कर लिया। महाराष्ट्र की पालघर जिला पुलिस ने शबरीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रिंस शनिवार को रोज की तरह स्कूल गया था। दिन में करीब 11 बजे शबरीन वहां पहुंची और दवा दिलाने के बहाने उसे साथ लेकर चली गई। चूंकि बच्चा शबरीन को पहले से जानता था, इसलिए उसके साथ चला भी गया। दोपहर तक जब प्रिंस घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने स्कूल में पूछताछ की। वहां से पता चला कि बच्चे को एक महिला लेकर गई है, परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल लोकेशन के आधार पर शबरीन का पता लगाया और प्रिंस को नैगांव के फ्लैट से मुक्त कराया। पुलिस ने शबरीन को गिरफ्तार कर लिया है।

