Skip to main content

TR NEWS UP-UK

जैसे भाजपा के पोस्टरों से प्रत्याशियों के फोटो गायब हुए ऐसे भाजपा भी गायब हो जाएगी : अखिलेश यादव

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने तमाम कंपनियों से मोटा चंदा वसूल करके देश में महंगाई को बढ़ाया है और उन्हें लूट की खुली छूट दी है । उन्होंने कहा कि भाजपा के पास लूट और झूठ के अलावा कुछ नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि आज भाजपा के चुनाव पोस्टरों से उनके प्रत्याशियों के फोटो तक गायब हो गए हैं इसी तरह भाजपा भी चुनाव में गायब हो जाएगी।

बघरा में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी हरेंद्र मलिक के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में हर वर्ग को लूटने के अलावा कोई कार्य नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिन बड़ी कंपनियों से ईडी और सीबीआई का डंडा दिखाकर हजारों करोड़ रुपये चंदा वसूला उन्हें लूट की खुली छूट दी गई। अखिलेश यादव ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में अगर 24 घंटे बिजली मिल रही है तो यह समाजवादी पार्टी सरकार की देन है। इस सरकार ने एक भी बिजली का कारखाना नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस को गाड़ियां देने और एंबुलेंस देने का काम भी हमारी पार्टी की सरकार ने किया। हमने युवाओं को लैपटॉप दिए जबकि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने जो टैबलेट दिए हैं वह किसी काम के नहीं हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विरोध में आज क्षत्रिय समाज पूरे देश में एकजुट हो रहा है। किसानों को बिजली फ्री देने का ऐलान करने वाली भाजपा ने मीटर और लगवा दिए। एम एस पी नहीं दिया। एक लाख किसानों ने दस साल में आत्महत्या की। किसान हक मांगने चले तो उनके रास्ते में कीलें गडवा दी। उन्होंने कहा कि इस बार चार सौ पार का नारा चार सौ हार बन रहा है। इससे भारतीय जनता पार्टी के नेता घबराए हुए हैं। भाजपा सत्ता में आई तो सबके रोजगार आरक्षण और वोट देने का हक भी छीन लेगी। सभा में माजिद अली ने बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया। इस मौके पर शाहिद सिद्दीकी कादिर राणा किरण पाल कश्यप विधायक पंकज मलिक राकेश शर्मा जिया प्रमोद त्यागी समेत तमाम बड़े नेता मौजूद थे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *