*कहा- राज्य व सम्पत्ति हड़पने के लिये नहीं, अपितु धर्म की स्थापना के लिये होनी चाहिए*
*रेशु प्रांगण में चल रही अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के 6वें दिन श्रीकृष्ण जी की लीलाओं का वर्णन सुनकर भाव विभोर हुए श्रद्धालू*
मुजफ्फरनगर, 18 नवम्बर। रेशु विहार स्थित रेशु प्रांगण में दिनांक 13 नवम्बर से प्रतिदिन चल रही अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के 6वें दिन कथाव्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने अपने श्रीमुख से भगवान श्री कृष्ण जी की लीलाओं का वर्णन सुनाकर श्रद्धालूओं को भाव विभोर कर दिया। आज की श्रीमद् भागवत कथा में आचार्य सुधांशु जी महाराज ने उपस्थित होकर श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के 6वें दिवस पूज्य श्री शान्तनु जी महाराज ने अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराते हुए कहा कि भगवान द्वारा जब इन्द्र की पूजा छुडवाकर गोवर्धन जी की पूजा कराई गई, तो इन्द्र क्रोधित होकर सात दिन तक लगातार वर्षा करवाने लगे, परन्तु भगवान ने सभी ग्वाल बालों के साथ मिलकर गोवर्धन जी को ही छाता बनाकर उठा लिया और इन्द्र का मान भंग कर दिया और अन्त में इन्द्र लज्जित होकर भगवान की स्तुति करने लगे। सभी ब्रजवासी इस घटना से यह भावने लगें की कन्हैया अवश्य कोई भगवान हैं, परन्तु भगवान ने कहा कि नहीं, ये सब आप लोगों के सहयोग से ही ये सम्भव हुआ है। महाराज श्री ने कहा कि एकबार एकादशी के दिन नन्दबाबा रात में 3 बजे यमुना जी में स्नान करने चले गये और वरुण देव के दूत नन्दबाबा को पकड़ कर वरुणलोक लेकर गये और फिर नन्दबाबा को छुड़वाकर लेकर आये और उसके बाद सभी को अपने बैकुण्ठ का दर्शन कराया हैं।
इसके बाद महाराज जी ने पवित्र महारास का वर्णन किया तथा कहा कि जब भगवान ने अपनी बंशी बजाई, तब सभी गोपियां, जो जिस अवस्था में थी, उसी अवस्था में भगवान से मिलने के लिये अपने घर से निकल पड़ी और इस महारास का दर्शन किया। इस दौरान भगवान शंकर भी माता पार्वती जी के साथ आये थे। अब कंस नें अक्रूर जी के माध्यम से मल्ल युद्ध के बहाने भगवान और बलराम जी को मथुरा बुलवाया। सभी गोपियां व माँ यशोदा भगवान के मथुरा जाने की सूचना पाकर विरह में व्याकुल हो गई। भगवान नन्दबाबा और ग्वालों के साथ मथुरा आये और यहाँ कंस का वध किया और मथुरा से सभी असुरों का नाश किया। इसके पश्चात उग्रसेन जी को मथुरा का राज्य सौंपा और नन्द बाबा को विया किया, गुरुकुल में जाकर शिक्षा ली। इसके पश्चात महाराज श्री ने कहा कि भगवान ने उद्धव जी को गोकुल भेजकर गोकुल वासियों व गोपियों का हाल जाना। जरासंध आदि राक्षसों का आतंक बढऩे के कारण भगवान नें द्वारिकापुरी का निर्माण कर समस्त प्रजा सहित द्वारिका चले गये। भगवान का प्रथम विवाह राजा भीष्मक की पुत्री रुकमिणि के साथ हुआ और उनको लेकर द्वारिका वापस आये, जिसके बाद पूरी द्वारिका में आनन्द ही आनन्द छा गया।
आज की श्रीमद् भागवत कथा में आचार्य सुधांशु महाराज-विश्व जागृति मिशन, मध्य प्रदेश के पूर्व जस्टिस श राजेंद्र कुमार वर्मा, यशिका चौहान पत्नी सांसद चंदन चौहान, आचरण पुरुष मनीष तायल, सतीश गोयल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, राजनेता सुधीर खटीक, श्रवण, अग्रवाल सम्मेलन प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल, कुंवर आलोक स्वरूप एवं रेशू परिवार के साथ अन्य गणमान्य लोगों ने कथा का श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित किया। बृहस्पतिवार की कथा में प्रसिद्ध गायिका अनामिका अम्बर समेत अनेक गणमान्य नागरिक आयेंगे। इस अवसर पर रेशु परिवार की बुजुर्ग एवं मुखिया शोभा जी, जो भोपाल से आई हैं, का सानिध्य भी परिवारजनों को मिल रहा है।


