मुजफ्फरनगर। श्री राम कॉलेज, मुज़फ्फरनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा 20 सितंबर 2024 को गाँव कुकड़ा के संत रविदास मंदिर परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत एक विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाँव के वार्ड सदस्य प्रशांत गौतम रहें। जिन्होंने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए इस अभियान का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में किया गया, जिसका उद्देश्य गाँव और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और प्लास्टिक कचरे से मुक्त वातावरण सुनिश्चित करना रहा। जागरूकता अभियान का आयोजन संत रविदास मंदिर परिसर मे किया गया, जहाँ गाँव के नागरिकों और एनएसएस के स्वयंसेवकों ने एकजुट होकर जन जन को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रशांत गौतम, वार्ड सदस्य ग्राम कूकडा ने अपने संबोधन में कहा, स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है, और इसे केवल सरकारी प्रयासों पर छोड़ना उचित नहीं है। हम सभी को व्यक्तिगत रूप से स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के इस प्रयास की सराहना की और गाँव में स्वच्छता को सुनिश्चित करने के लिए लगातार ऐसे अभियानों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर डॉ. ऋषभ भारद्वाज, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना ने स्वच्छता के प्रति एनएसएस के समर्पण की चर्चा करते हुए कहा, राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को जागरूक करना और उसे स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई न केवल शारीरिक श्रम से बल्कि मानसिक रूप से भी ग्रामीणों में स्वच्छता की भावना विकसित कर रही है। उन्होंने इस अभियान की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। स्वच्छता अभियान के दौरान कचरा संग्रहण, प्लास्टिक कचरा और जैविक कचरे को अलग-अलग एकत्रित करना, प्लास्टिक कचरे को विशेष रूप से चिन्हित कर उसे पुनर्चक्रण के लिए अलग रखना तथा जैविक कचरे का उचित निस्तारण करना सम्बन्धी जानकारी लोगो से साझा की गई।
गाँव के नागरिकों ने स्वेच्छा से इस अभियान में हिस्सा लिया। उन्हें प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभाव और जैविक कचरे के सही निस्तारण के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों के तहत ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व और इसके स्वास्थ्य पर प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। सभी को नियमित रूप से अपने आस-पास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प दिलाया गया।
इस विशेष स्वच्छता अभियान में एनएसएस के प्रमुख सदस्य अंकित कुमार, सचिन शर्मा, अंकुश रावल, और अजीत कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गाँव के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया और कचरे को उचित रूप से एकत्रित किया।
अभियान के अंत में एकत्रित कचरे को उचित रूप से संबंधित विभाग को सौंप दिया गया, ताकि इसका पर्यावरण के अनुकूल निस्तारण किया जा सके। इस अभियान ने गाँव के लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता जगाने के साथ-साथ प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम का समापन डॉ. ऋषभ भारद्वाज, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित करने के साथ हुआ। , जहाँ उन्होंने एनएसएस के स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की और स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया। सभी प्रतिभागियों ने गाँव को साफ-सुथरा रखने और भविष्य में भी स्वच्छता अभियानों में भाग लेने का संकल्प लिया।


