मुज़फ्फरनगर। यूपी सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल की अध्यक्षता में आज मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नगर के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं जनसुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन समीक्षा एवं विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से रामपुरी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी समस्या के स्थायी समाधान हेतु ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देशानुसार मुज़फ्फरनगर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए शहर में बेहतर सड़क, स्वच्छता, जलनिकासी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य स्मार्ट सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जाए।
कल होने वाली बालाजी शोभायात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं पूरी मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुज़फ्फरनगर को एक विकसित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर के रूप में स्थापित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर धरातल पर उतारें। उन्होंने आगे कहा कि रामपुरी की जलनिकासी समस्या का स्थायी समाधान, शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार, सड़कों का सुदृढ़ीकरण एवं स्मार्ट सुविधाओं का विस्तार इन सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा आमजन से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा, सुशासन एवं विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा मुज़फ्फरनगर को एक आदर्श स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने हेतु हर संभव प्रयास किए जाएंगे।


