
मुजफ्फरनगर । आचार संहिता के बीच होली का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। राजनीतिक पार्टियों के नेताओं साथ-साथ अधिकारियों ने भी पूर्ण रूप से आचार संहिता का पालन करते हुए खूब रंग गुलाल उड़ाया।
हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन द्वारा चप्पे चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था रखी गई। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास पर आम क्या खास ने पहुंच कर मंत्री कपिल देव अग्रवाल को होली की बधाई दी एवं रंगों की मस्ती के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा। 
दूसरी ओर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगाली के आवास पर जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा होली धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार व सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। 
दूसरी और मीका विहार में होली के अलग ही रंग देखने को मिले। उद्योगपति भीम कंसल, सुरेंद्र अग्रवाल, नरेंद्र गोयल, अभिषेक अग्रवाल एवं कॉलोनी के समस्त परिवारों द्वारा जमकर होली खेली गई। हाल ही में कैबिनेट मंत्री बने अनिल कुमार के आवास पर भी होली का हुड़दंग देखने को मिला। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा गठबंधन से प्रत्याशी डॉक्टर संजीव बालियान ने क्षेत्र में घूम कर अनेक स्थानों पर लोगों को होली की बधाइयां दी। दूसरी ओर गठबंधन से प्रत्याशी हरेंद्र मलिक द्वारा क्षेत्र के सभी लोगों को होली की बधाई देते हुए रंग गुलाल लगाया गया। बसपा से प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति द्वारा भी क्षेत्र में घूम कर लोगों को होली की बधाई दी गई। बिजनौर लोकसभा से भाजपा से गठबंधन प्रत्याशी चंदन सिंह चौहान के आवास पर भी होली धूमधाम के साथ मनाई गई। बुढाना से पूर्व विधायक एवं भाजपा के फायर ब्रांड नेता उमेश मलिक के आवास पर भी होली पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर भर में जहां गली मोहल्ले में होली का खुमार चढ़ा हुआ था वहीं दूसरी ओर युवाओं की हुड़दंगी टोलियां भी मस्ती में झूमते हुए नजर आईं।


