मुजफ्फरनगर। शादी समारोह से वापस लौट रहे चरथावल के सपा विधायक पंकज मलिक पर थाना अध्यक्ष ने चुनाव प्रचार करने का आरोप लगाते हुए उनकी गाड़ी सीज कर दी। थाना प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए विधायक वहीं ज़मीन पर धरने पर बैठ गए। खबर मिलते ही उनके समर्थक भी जुटना शुरू हो गए। तितावी पुलिस ने विधायक पंकज मलिक सहित कुछ अज्ञात लोगों पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधायक की गाड़ी भी सीज कर दी।
बताया जाता है कि पंकज मलिक आज तितावी थाना क्षेत्र के ग्राम धनसनी में एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में एक बुजुर्ग ने हाथ देकर उनकी गाड़ी रोकी। इस पर विधायक ने गाड़ी से उतरकर बुजुर्ग के चरण स्पर्श किए। इसके बाद विधायक पंकज मलिक आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उनकी गाड़ी रोक ली और उन पर चुनाव प्रचार करने का आरोप लगाया। विधायक ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन थाना प्रभारी ने उनकी एक नहीं सुनी। आरोप है कि उनके साथ अभद्रता की गई। इसके बाद पंकज मलिक सत्ताधारी दल के नेता के इशारे पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए वहीं धरने पर बैठ गए। सीओ फुगाना रवि शंकर मिश्रा ने विधायक के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि विधायक चुनाव प्रचार कर रहे थे, इसलिए उनकी गाड़ी रोकी गई। मौके पर विधायक समर्थक जमा हो गए। पुलिस कागजात समेत गाडी को थाने ले गई। विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।


