मुजफ्फरनगर । चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम दूधली के वर्तमान ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों पर हमला कराने के मुख्य आरोपी नगर पंचायत अध्यक्ष इस्लामुद्दीन की गिरफ्तारी न होने से हिंदू संगठनों और पीड़ितों में भारी आक्रोश है। 1 सप्ताह पूर्व ट्रक द्वारा बोलेरो कार को साइड मारने की घटना के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष इस्लामुद्दीन के कथित उकसाने पर अल्पसंख्यक समाज के युवकों ने बहुसंख्यक समाज के युवकों पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने इस्लामुद्दीन सहित 151 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा गिरफ्तारी न होने से हिंदू संगठनों ने रोष प्रकट किया है।
इस संदर्भ में ग्राम दूधली में हिंदू संगठनों और पीड़ितों के आह्वान पर एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें हिंदू समाज की सभी बिरादरियों ने भाग लिया। सभा में कैमिस्ट एवं ड्रगिस्ट के जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान ने कहा कि यदि नगर पंचायत अध्यक्ष और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई, तो सर्व हिंदू समाज की एक बड़ी महापंचायत घटनास्थल पर की जाएगी।
दूधली ग्राम प्रधान शोभित पुंडीर और संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष अंकुर राणा धीर सिंह पुंडीर ने भी महापंचायत की मांग का समर्थन किया। सभा में यह तय किया गया कि अगर एक सप्ताह के भीतर नगर पंचायत अध्यक्ष इस्लामुद्दीन की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो चरथावल में हिंदू समाज के नेतृत्व में महापंचायत की जाएगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान , जिला पंचायत सदस्य , बीडीसी सदस्य , भाजपा नेता एवं हिंदूवादी संगठनों के नेता भी उपस्थित रहे ।


