मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव हरेटी में गुरुवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव के ग्राम प्रधान विवेक राठी के 19 वर्षीय पुत्र रोहन राठी का शव गांव के जंगल में खेत किनारे पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार रोहन बुधवार शाम 6 बजे भोपा थाना क्षेत्र के गांव ननेहड़ा में अपने मित्र के जन्मदिन समारोह में गया था। देर रात 11 बजे तक वापस न आने पर पिता ने फोन किया तो उसने सुबह घर लौटने की बात कही।
गुरुवार सुबह 8 बजे सलेमपुर रास्ते से हरेटी स्कूल जा रहे स्कूली बच्चों ने खेत के पास शव पड़ा देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान रोहन के रूप में की। मृतक के कान के नीचे चोट का निशान है और पूरा शरीर मिट्टी में सना हुआ है।
घटना की सूचना पर एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ सदर सुनील कुमार, थाना प्रभारी डॉ. मनविंदर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। गांव में भारी भीड़ जमा है।


