देहरादून। गैंग रेप की शिकार किशोरी को 13 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज के दो कर्मचारी दिल्ली कश्मीरी गेट से देहरादून लेकर आए थे। इसके बाद उन्होंने लड़की को बहला फुसलाकर देहरादून में बस के अंदर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने बस के कंडक्टर और ड्राइवर के साथ-साथ एक कैशियर सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो इस गैंगरेप की घटना में शामिल रहे। देहरादून एसएसपी अजय सिंह का कहना हैं कि बहरहाल इस नाबालिग बच्ची के परिवार का पता लगाया जा रहा है। वही अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि अपराधी तो पकड़े गए हैं लेकिन बसों में सफर करने वाली महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा कैसे होगी। गिरफ्तार आरोपी काफी बड़ी उम्र के हैं। आरोपियों में धर्मेंद्र कुमार(32) पुत्र यशपाल सिंह, निवासी ग्राम बंजारा वाला ग्रांट, थाना बुग्गा वाला, हरिद्वार, देवेंद्र(52) पुत्र फूलचंद निवासी चुड़ियाला, भगवानपुर, हरिद्वार, रवि कुमार(34) पुत्र दयाराम निवासी ग्राम सिला, थाना – नवाबगंज, जिला फर्रुखाबाद, यूपी, राजपाल(57) पुत्र स्व. किशन सिंह निवासी बंजारावाला ग्रांट, थाना बुग्गावाला, हरिद्वार और राजेश कुमार सोनकर(38) पुत्र लाल चंद्र सोनकर निवासी माजरा, पटेलनगर, देहरादून शामिल हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है।

