मुजफ्फरनगर। आज कलक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार मुज़फ्फरनगर में आगामी 2 अक्टूबर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बैठक आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरूद्ध प्रताप सिंह द्वारा की गई।
बैठक में 2 अक्टूबर के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्वक मनाए जाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर के अवसर पर सरकारी एवं सार्वजनिक भवनों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाए। साथ ही स्वच्छता, जनजागरूकता तथा सामाजिक समरसता से संबंधित कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


