मुजफ्फरनगर । आज उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल कुमार ने गांधी कॉलोनी से पचेंडा रोड होते हुए बाईपास तक नाला निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। यह नाला निर्माण परियोजना क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा स्वच्छता और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर मंत्री अनिल कुमार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चौधरी जयंत सिंह एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा का इस जनहितकारी कार्य के लिए हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। मंत्री ने संकल्प जताया कि क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाए, प्रत्येक नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएँ मिलें और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचे। जनसेवा, जनकल्याण और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही हमारा लक्ष्य है।पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में बेहतर जल निकासी, स्वच्छ वातावरण और सुगम जनसुविधाओं की दिशा में यह पहल क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, गौरव स्वरूप, रालोद नेता प्रभात तोमर आदि मौजूद रहे।


