मुज़फ्फरनगर। थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा लोगों को फर्जी काल कर सस्ता सामान बेचने के नाम पर धोखाधडी कर UPI के माध्यम से करीब 15 लाख रुपयों से अधिक की ठगी करने के आरोप में गांधी कालोनी से एक ठग को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा विकसित आनलाईन पोर्टल, “प्रतिबिम्ब” पर जनपद मुजफ्फरनगर से फर्जी काल कर लोगों के साथ साइबर धोखाधडी करने की शिकायतें प्राप्त हुई। उक्त प्राप्त शिकायतों की थाना साइबर क्राइम द्वारा जांच की गयी तो धोखाधडी की घटना में प्रयोग किये गये मोबाइल नंबर व बैंक खाते जनपद मुजफ्फरनगर में संचालित मिले। थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा गहनता से जांच कर उक्त धोखाधड़ी की घटना में प्रकाश में आये अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना साइबर क्राइम द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम सचिन स्वामी पुत्र जितेन्द्र नि0 म0न0 99 राजा रोड, धामावाला, दुर्गा मंदिर देहरादून उत्तराखण्ड हाल पता गली न0 12 गाधी कालोनी थाना नई मण्डी जनपद मुजफ्फरनगर।
गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि मैं वर्ष 2025 से विभिन्न मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को ऑनलाइन सस्ते मोबाइल, प्रिन्टर, इलेक्ट्रॉनिक या अन्य सामान बेचने का झांसा देकर धोखाधड़ी कर रहा था तथा सोशल मीडिया, ऑनलाइन मार्केटप्लेस और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए लोगों से संपर्क करता था। भरोसा दिलाने के लिए फर्जी फोटो, बिल और कोरियर रसीद भेजता था। जब लोग एडवांस भुगतान UPI या बैंक ट्रांसफर से कर देते थे, तो में उस नंबर को बंद कर देता था या पीड़ित को ब्लॉक कर देता था और सामान कभी नहीं भेजता था।
अभियुक्त के 05 मोबाईल नम्बरों पर 16 शिकायतें तथा 04 खातों पर कुल 18 शिकायतों दर्ज होना अभी तक प्रकाश में आया है, खातों की जाँच प्रचलित है। अभियुक्त के विरुद्ध अभी तक ज्ञात शिकायतों में लगभग 15 लाख रुपये से अधिक की धोखाधडी की शिकायतें दर्ज है, थाना साइबर क्राइम द्वारा अन्य शिकायतों/ अभियोगों की जानकारी भी की जा रही है। अभियुक्त पूर्व में साइबर क्राइम थाना चंडीगढ़ से भी साइबर धोखाधडी में जेल गया है।


