मुजफ्फरनगर । सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो से प्राप्त जानकारी के आधार पर सहायक आयुक्त औषधि सहारनपुर मंडल सहारनपुर के आदेशों के क्रम में आज दिनांक 18 जनवरी 2025 को औषधि निरीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा एक औषधि विक्रय प्रतिष्ठान पर छापामार कार्रवाई की गई। छापामार कार्रवाई के समय देवेंद्र पुत्र श्री तेजपाल उपस्थित पाए गए। देवेंद्र द्वारा अवगत कराया गया कि उन्हें कस्बा जानसठ में आस्था मेडिकल एजेंसी के नाम से लाइसेंस जारी है परंतु उनके द्वारा प्रतिष्ठान का संचालन कस्बा मोरना में किया जाता है। मोरना स्थित प्रतिष्ठान का लाइसेंस न होने एवं देवेंद्र द्वारा बिना लाइसेंस के प्रतिष्ठान का संचालन करने के कारण औषधि निरीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा प्रतिष्ठान में भंडारित औषधीय में से चार औषधीय के नमूने जांच व विश्लेषण हेतु संग्रहित किए गए एवं शेष बची सभी औषधियों को सीज कर अपनी अभिरक्षा में लिया गया। नमूनो की जांच रिपोर्ट एवं विवेचना पूर्ण होने के पश्चात सुसंगत धाराओं में सक्षम न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा ।


