गुवाहाटी। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह और उसके नौ साथियों की मदद करने के आरोप में असम में डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल के अधीक्षक निपेन दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। डिब्रूगढ़ जेल में बंद ‘वारिस पंजाब दे’ खालिस्तानी समूह के कैदियों के कब्जे से स्मार्टफोन, स्पाईकैम सहित इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की जब्ती को लेकर जेल अधीक्षक निपेन दास के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 
यह जानकारी देते हुए डिब्रूगढ़ के पुलिस अधीक्षक राकेश रेड्डी ने बताया कि विगत दिनों जेल के आकस्मिक निरीक्षण में वहां मोबाइल फोन, कीपैड के साथ रिमोट, कीबोर्ड, एक स्पाई-कैमरा पेन, पेनड्राइव, एक ब्लूटूथ हेडफोन और स्पीकर जैसे डिवाइस मिले थे। उस मामले की जांच में पाया कि जेल अधिकारियों, विशेष रूप से अधीक्षक और अन्य लोगों के बीच सांठगांठ है। इस कारण से मामला दर्ज कर आज जेल अधीक्षक निपेन दास को गिरफ्तार कर लिया गया।